पुलिस की हिरासत में प्रांजल तिवारी
आज रविवार को डिप्टी सीएम व गृह मंत्री विजय शर्मा के बेमेतरा और बेरला दौरे से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई। युवा कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रांजल तिवारी को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता डिप्टी सीएम के दौरे के दौरान काला झंडा दिखाकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की तैयारी में थे। इसी बीच दोपहर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रांजल तिवारी को हिरासत में ले लिया।
प्रांजल तिवारी ने बताया कि विजय शर्मा प्रदेश को नक्सल मुक्त बताकर अपनी सरकार की झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से स्वागत कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे हैं। जिला युवा कांग्रेस इस भ्रामक एवं झूठे प्रचार का कड़ा विरोध करती है। प्रदेश की जमीनी हकीकत और जनता की वास्तविक समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल दिखावे की राजनीति करना जनता के साथ अन्याय है। इसी के विरोध में आज बेमेतरा व बेरला में अलग-अलग स्थान पर एकत्रित होकर काला झंडा दिखाते हुए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किए जाने की तैयारी थी। इससे पहले उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की आवाज दबाने का काम किया गया है। शांतिपूर्ण विरोध से पहले ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा रहा है। क्या अब सच बोलना भी गुनाह है?
पुलिस की हिरासत में प्रांजल तिवारी