पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है
शहर के व्यस्त इलाके बेमेतरा चौपाटी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पर सरेआम चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय उसकी बहन भी उसके साथ मौजूद थी।
पुलिस के अनुसार, 18 वर्षीय चंद्रशेखर साहू पिता अनिल साहू निवासी दाढ़ी अपनी बहन के साथ पीजी कॉलेज से लौटते हुए चौपाटी में रुका था। तभी बाइक से आए दो युवकों ने उसे धक्का दे दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने अश्लील गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी। स्थिति तब और बिगड़ गई जब एक आरोपी ने चाकू निकालकर युवक के पेट में जानलेवा वार कर दिया। खून से लथपथ युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घ
टना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की। पुलिस ने मुख्य आरोपी बाबू उर्फ अभिषेक गुप्ता पिता रामलोचन गुप्ता उम्र 18 निवासी कचहरी पारा बेमेतरा को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। दूसरा आरोपी नाबालिग निकला, जिसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और बाइक बरामद कर ली है। मामले में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आज शनिवार को आरोपी अभिषेक गुप्ता को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।