Dongargarh Navratri Special Train: रेलवे प्रशासन ने चैत्र नवरात्रि मेला पर ट्रेनों में यात्रियों की होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुये कोरबा-नेताजी सुभाष चंद्र बोस(इतवारी)-कोरबा के मध्य चैत्र नवरात्रि मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह गाड़ी 23 से 28 मार्च 2026 तक चलेगी, जो 63 स्टेशनों पर रुकेगी। गाड़ी संख्या 06883/06884 नेताजी सुभाष चंद्र बोस(इतवारी)-कोरबा- नेताजी सुभाष चंद्र बोस(इतवारी) फेस्टिवल मेमू स्पेशल गाड़ी का ठहराव दोनों दिशाओं में सभी प्रमुख और लोकल स्टेशनों पैसेंजर हॉलट में दिया गया है। इससे नवरात्रि मेला के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले यात्रियों को अच्छी सुविधा मिलेगी।
नवरात्रि मेला पर्व पर यात्रियों को 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक गोंदिया दुर्ग गोंदिया मेमू पैसेंजर का रायपुर तक विस्तार, रायपुर डोंगरगढ़ रायपुर मेमू पैसेंजर का गोंदिया तक विस्तार और डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ के बीच अतिरिक्त मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन की सुविधा के साथ 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव डोंगरगढ़ स्टेशन में दिया गया है।
जानें टाइम टेबल
गाड़ी संख्या 06883 नेताजी सुभाष चंद्र बोस(इतवारी)-कोरबा मेमू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस(इतवारी) स्टेशन से प्रतिदिन सुबह 05 बजे रवाना होकर दुर्ग स्टेशन पर 11:05 बजे, रायपुर स्टेशन पर 12:25 बजे, तिल्दा नेवरा स्टेशन पर 13.50 बजे, भाटापारा स्टेशन पर 14-14 बजे बिलासपुर स्टेशन पर 16.00 बजे, 19.30 बजे कोरबा स्टेशन पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 06884 कोरबा- नेताजी सुभाष चंद्र बोस(इतवारी) मेमू, कोरबा स्टेशन से प्रतिदिन सुबह 05.10 बजे रवाना होकर बिलासपुर 7:25 बजे, भाटापारा 8.37 बजे, तिल्दा नेवरा 9:06 बजे, रायपुर 10.14 बजे, दुर्गा 1225 बजे गोंदिया 16.00 बजे, तथा 19.30 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस(इतवारी) स्टेशन पहुंचेगी
इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
कलमना, कामठी, कन्हान, भंडारा रोड, तुमसर रोड, तिरोड़ा, गोंदिया, आमगांव, सालेकसा, दरेकसा, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई नगर, भिलाई-पॉवर हाउस, रायपुर, उरकुरा, तिल्दा नेवरा, भाटापारा, बिल्हा, चकरभाठा, बिलासपुर, अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, उरगा सहित कुल 63 स्टेशनों में ट्रेन रुकेगी।
रेलवे ने किये ये इंतजाम
- यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में अतिरिक्त टिकट काउंटर, पूछताछ सेवाओं की सुदृढ़ व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। रेलवे कर्मियों की विशेष तैनाती कर यात्रियों को मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
- श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा डोंगरगढ़ स्टेशन पर समुचित एवं सुदृढ़ चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। स्टेशन परिसर में प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किया गया है, जहाँ आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
- चिकित्सा सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्यकर्मियों की अलग-अलग शिफ्टों में तैनाती सुनिश्चित कर निरंतर सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं, जिससे मेले की पूरी अवधि के दौरान चिकित्सा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।