प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2025-26 के लिए तय लक्ष्यों को पूरा करने में यह जिला पूरे छत्तीसगढ़ में पहले स्थान पर रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2025-26 के लिए तय लक्ष्यों को पूरा करने में यह जिला पूरे छत्तीसगढ़ में पहले स्थान पर रहा है। जिले की इस सफलता से हजारों ग्रामीण परिवारों का पक्का घर पाने का सपना साकार हो रहा है।
विज्ञापन
कलेक्टर के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ के नेतृत्व में जिले में आवास स्वीकृति, किश्त जारी करने और निर्माण कार्य में तेज गति देखने को मिली है। वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 26 हजार 843 आवास स्वीकृत किए गए। इनमें से 24 हजार 313 हितग्राहियों को पहली किश्त जारी की जा चुकी है। 20 हजार 480 आवासों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जबकि 15 हजार 120 मकान प्लिंथ स्तर तक पूरे कर लिए गए हैं।
प्लिंथ निर्माण में राज्य में अव्वल
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सबसे अधिक 15 हजार 120 आवासों का प्लिंथ स्तर तक निर्माण पूरा हुआ है, जो प्रदेश के सभी जिलों में सर्वाधिक है। अब तक 26 हजार 439 आवासों का एफटीओ किया जा चुका है और 24 हजार से अधिक हितग्राहियों के खातों में राशि सीधे भेजी गई है।
विज्ञापन
कुल स्वीकृत आवासों में से 139 मकान पूरी तरह बनकर तैयार हो चुके हैं। इससे प्रशासन की सक्रियता और ग्रामीणों की भागीदारी साफ नजर आती है। पीएम जनमन योजना के तहत भी जिले में 25 पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत कर शत-प्रतिशत निर्माण पूरा कर लिया गया है।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग में भी बड़ी उपलब्धि
जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में भी खास पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बने मकानों में 15 हजार 260 रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कराया गया है। इसी कारण जिले को देश में जल संचयन के लिए दूसरा पुरस्कार मिला है।