योग गुरु ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के योग शिक्षक धीरज शर्मा ने योग के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने लगातार 1 घंटा 45 मिनट तक अधोमुख श्वानासन कर यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के साधुराम कुमार के नाम था, जिन्होंने 1 घंटा 30 मिनट तक इस योगासन को करके खिताब हासिल किया था। लेकिन धीरज ने अपने अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया मुकाम हासिल किया। विशेष उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने धीरज शर्मा को प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।
धीरज शर्मा नियमित योगाभ्यास करते हैं और अपने ग्रेस योगा एंड वेलनेस स्टूडियो के माध्यम से ऑनलाइन और ऑफलाइन सैकड़ों लोगों को योग की विद्या सिखा रहे हैं। इस सफलता पर उन्होंने कहा कि वे कई महीनों से इस रिकॉर्ड की तैयारी में जुटे हुए थे। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु श्रीश्री रविशंकर जी को देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी योग को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।