सिकौसा में गुण्डरदेही पुलिस ने डमी ग्राहक भेजकर अवैध शराब बिक्री का खुलासा किया। पुलिस ने परमानंद डहरे को गिरफ्तार कर उसके घर से 30 पौवा देशी शराब और 300 रुपये नकद जब्त किए।
बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम सिकौसा में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर से ही देशी शराब बेचने का कारोबार चला रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 30 पौवा देशी शराब और बिक्री की रकम बरामद की है।
विज्ञापन
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिकौसा निवासी परमानंद डहरे (52) अपने घर से अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक डमी ग्राहक तैयार किया। उसे पहचानयुक्त 100 रुपये का नोट देकर शराब खरीदने के लिए आरोपी के पास भेजा गया।
डमी ग्राहक द्वारा शराब खरीदने की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने आरोपी के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके पास से 30 पौवा शोले देशी प्लेन शराब, जिसकी कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर और कीमत 2,400 रुपये बताई गई है, बरामद की गई। इसके अलावा शराब बिक्री से मिले 300 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपी परमानंद डहरे के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।