दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित
- फोटो : अमर उजाला
बालोद जिले में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन कई ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी खरीदी केंद्रों से दूरी बनाए हुए हैं। अधिकारियों की अनुपस्थिति के चलते अब पंचायत सचिवों को धान खरीदी की जिम्मेदारी दी गई है और उन्हें इस संबंध में प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
इस बीच, जिले से बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने धान खरीदी कार्य में लापरवाही बरतने और प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने के कारण दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों नवल किशोर साहू (गुरूर विकासखंड, कुलिया मुख्यालय) और रवि वर्मा (गुण्डरदेही विकासखंड, ओडारसकरी मुख्यालय) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि राज्य शासन द्वारा धान खरीदी कार्य को अतिआवश्यक सेवा में शामिल करते हुए एस्मा (आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम) लागू किया गया है। इसके बावजूद अधिकारियों का कर्तव्य पालन न करना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है।उन्होंने चेतावनी दी कि धान खरीदी व्यवस्था में लापरवाही बरतने या निर्देशों की अवहेलना करने वाले अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध भी सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।