डौंडी थाना क्षेत्र के नर्राटोला गांव में सोमवार देर रात चोरी की नीयत से घरों में घुसे तीन चोरों में से एक को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को रस्सी से बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि मौके का फायदा उठाकर दो नाबालिग आरोपी बाइक से भाग निकले। पकड़ा गया युवक दल्लीराजहरा का रहने वाला इरफान हुसैन पिता सज्जाद हुसैन (उम्र 19 वर्ष, वार्ड 18, पुराना बाजार, दल्लीराजहरा) है। पुलिस ने फरार दोनों नाबालिग आरोपियों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया।
नर्राटोला गांव में घुसे चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर पेटी से 6 हजार रुपये की नकदी चोरी की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये बरामद किए, जबकि फरार नाबालिगों ने 1 हजार रुपये खर्च कर दिए थे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वे चिखली गांव में हाल ही में हुई चोरी की वारदात में भी शामिल थे। उस घटना में 20 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया और एक जोड़ी झुमके की चोरी हुई थी।
पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने इस चोरी का भी खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी का माल और कुछ रकम जंगल में गड्ढा खोदकर छिपा रखी थी। पुलिस ने वहां से आभूषणों और 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
डौंडी थाना प्रभारी के अनुसार, तीनों आरोपी दल्लीराजहरा क्षेत्र के रहने वाले हैं और एक के बालिग होने की पुष्टि हुई है। आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पूछताछ में अन्य पुराने मामलों के संबंध में भी जानकारी मिल रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।