भाजपा नेता ने तहसीलदार से की शिकायत
- फोटो : अमर उजाला
बालोद जिले की राजनीति एक बार फिर अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर गरमा गई है। पहले प्रशासन ने शासकीय भूमि से कब्जे हटाए, तो विधायक संगीता सिन्हा ने सरकारी दफ्तरों और अधिकारियों के अतिक्रमण को लेकर पत्र लिखा था। उन्होंने भाजपा नेताओं के अतिक्रमण का मुद्दा विधानसभा में भी उठाया था।
अब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जनपद पंचायत गुरूर के उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू ने संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा के परिवार पर ही अतिक्रमण के आरोप लगाए हैं। उन्होंने गुरूर तहसीलदार हनुमंत श्याम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
दुर्गानंद साहू ने आरोप लगाया कि विधायक के प्रभाव के कारण उनके भाई शिव कुमार सिन्हा, भतीजे मनोज कुमार सिन्हा और रतन लाल सिन्हा ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत बोड़रा के अंतर्गत खसरा नंबर 280, 463 और 279 की जमीन पर दुकान और मकान बनाकर कब्जा किया गया है, जिससे आम निस्तार प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने मांग की कि संबंधित खसरा नंबरों की रिपोर्ट लेकर अतिक्रमण प्रकरण दर्ज किया जाए और सभी को शीघ्र बेदखल किया जाए। उनका आरोप है कि विधायक होने के कारण परिवार को राहत दी जा रही है।
इसी बीच गुरूर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप साहू पर भी अतिक्रमण के आरोप पहले लग चुके हैं। इस मामले को विधायक संगीता सिन्हा ने विधानसभा में उठाया था और बेदखली नोटिस जारी होने के बावजूद कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए थे। फिलहाल दुर्गानंद साहू ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब इस पूरे मामले पर विधायक का अगला रुख क्या होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
विधायक के भाई और भतीजों पर अतिक्रमण का आरोप, भाजपा नेता ने तहसीलदार से की शिकायत