बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पथराटोला में खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। गाज की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों को तत्काल दल्लीराजहरा के ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, पथराटोला की महिलाएं रोजाना की तरह खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे महिलाओं पर गिर गई।
एक की मौके पर मौत, दो गंभीर झुलसीं
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 40 वर्षीय अनुसुइया बाई, पति ज्योति राम मसिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके पास खेत में काम कर रहीं क्लेन्द्री बाई (42 वर्ष), पति जगन्नाथ पिस्दा और रामेश्वरी सहारे (35 वर्ष), पति दिलबर सहारे गंभीर रूप से झुलस गईं।
हादसे के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों घायल महिलाओं को निजी वाहन से दल्लीराजहरा स्थित ज्योति अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कराया
घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल दोनों घायल महिलाओं का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
महिलाओं पर गिर बिजली
महिलाओं पर गिर बिजली
महिलाओं पर गिर बिजली