छत्तीसगढ़ के बालोद में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खुशियों को मातम में बदल दिया। च्वाइस सेंटर जा रहे स्कूटी सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7वीं की छात्रा और उसके नाना की हालत बेहद नाजुक है। घटना बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है जब टेकापार निवासी बुधराम चेलक अपनी 13 वर्षीय नातिन सारिका और पड़ोसी कृष्णा राम के साथ पैसे निकालने च्वाइस सेंटर जा रहे थे।
विज्ञापन
तभी पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 37 वर्षीय कृष्णा राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, मासूम सारिका और उसके नाना बुधराम के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर और सिर में चोट आई है। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल से राजनांदगांव रेफर कर दिया गया है। बालोद पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। स्कूटी जब्त कर ली गई है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है। आज सुबह 11 बजे शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।
हादसे के बाद अस्पताल का मंजर भावुक कर देने वाला था। छात्रा की मां बदहवास होकर डॉक्टरों से बस यही गुहार लगा रही थी कि उसकी बेटी को बचा लो, क्योंकि उसकी वार्षिक परीक्षा शुरू होने वाली है। बता दें कि छात्रा के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपने नाना के घर रहकर ही पढ़ाई कर रही थी।
बालोद में भीषण सड़क हादसा: एक की मौत, नाना-नातिन गंभीर, हाइयर सेंटर रिफर