ट्रांसफार्मर से कॉपर वाइंडिंग चोरी
- फोटो : अमर उजाला
बालोद जिले के डौंडीलोहारा क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए उसकी कॉपर वाइंडिंग चोरी कर ली। यह घटना बर्रापारा से गंजईडीह के बीच सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर में हुई। चोरी से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को करीब 35 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। विभाग की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विद्युत विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, डौंडीलोहारा वितरण केंद्र के संजारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बर्रापारा, कोटेरा और गंजईडीह सहित आसपास के इलाकों में बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी कनिष्ठ अभियंता रूपेश कुमार पटेल के पास है। 27 अक्टूबर की सुबह करीब 7:45 बजे लाइन परिचालक भूपेंद्र ठाकुर ने उन्हें सूचना दी कि बर्रापारा-गंजईडीह मार्ग पर लल्लू जैन के फ्लाई ऐश ब्रिक्स के पास लगे 10 केवीए के ट्रांसफार्मर से कॉपर वाइंडिंग गायब है।
सूचना मिलते ही कनिष्ठ अभियंता रूपेश कुमार पटेल मौके पर पहुंचे और ट्रांसफार्मर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान ट्रांसफार्मर की बाहरी बॉडी और अंदर का कोर जमीन पर बिखरा मिला, जबकि उसके भीतर लगी तांबे की वाइंडिंग गायब थी। इससे स्पष्ट हुआ कि अज्ञात चोर ट्रांसफार्मर को खोलकर उसमें से कीमती तांबा निकाल ले गए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, चोरी की वारदात 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात को अंजाम दी गई। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के बाद कनिष्ठ अभियंता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटाकर जांच कर रही है।
बालोद के डौंडीलोहारा में सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से कॉपर वाइंडिंग चोरी, विभाग को 35 हजार र
बालोद के डौंडीलोहारा में सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से कॉपर वाइंडिंग चोरी, विभाग को 35 हजार र