बालोद जिले के जेवरतला गांव में ईसाई धर्मानुसार दफनाने को लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया। पुलिस और प्रशासन के समझाने के बावजूद परिजन शव को धमतरी कब्रिस्तान ले गए। स्थिति नियंत्रण में है।
बालोद जिले के गुरूर विकासखंड के सनौद थाना क्षेत्र के जेवरतला गांव में शनिवार को शव दफनाने को लेकर हंगामा हो गया। मृतक रमनलाल साहू (50 वर्ष) के परिजन ईसाई धर्म मानते हैं। इलाज के दौरान उनकी मौत होने पर परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृहग्राम जेवरतला लेकर पहुंचे थे।
विज्ञापन
गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने ईसाई रीति-रिवाज से शव दफनाने का विरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव की जमीन पर ईसाई धर्म के अनुसार अंतिम संस्कार नहीं किया जा सकता। पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अड़े रहे।
करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद परिजनों ने शव को धमतरी कब्रिस्तान ले जाकर दफनाया। प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति न बने।