बालोद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई का विरोध करते हुए पुतला दहन किया। नेताओं ने इसे राजनीतिक दुरुपयोग बताया और कहा कि कांग्रेस एजेंसियों की दबावकारी कार्रवाइयों के खिलाफ लोकतांत्रिक लड़ाई जारी रखेगी।
बालोद में नेशनल हेराल्ड मामले में एजेंसी की मनमानी कार्रवाई के विरोध में जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा दर्ज एफआईआर के विरोध में पुतला दहन किया गया।
विज्ञापन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि यह एफआईआर मोदी सरकार द्वारा एजेंसियों के दुरुपयोग का उदाहरण है, क्योंकि अप्रैल में चार्जशीट दाखिल किए जाने के छह महीने बाद दिल्ली पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया गया। इसे उन्होंने राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बताया।
बालोद शहर कांग्रेस अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि आयकर विभाग, ईडी और दिल्ली पुलिस की राजनीतिक कार्रवाइयों के बावजूद कांग्रेस अपनी लड़ाई और लोकतंत्र की रक्षा जारी रखेगी। प्रदर्शन में जिला महामंत्री धीरज उपाध्याय, शंभू साहू, कमलेश श्रीवास्तव, विनोद शर्मा, कसीमुद्दीन कुरैशी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।