छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने पूरे प्रदेश में हाफ बिजली बिल योजना को बंद कर दिया है। सरकार ने युक्तियुक्तकरण करते हुए इसे सोलर योजना से जोड़ दिया है, जिसके बाद से कांग्रेस द्वारा इस बदलाव का विरोध किया जा रहा है। इसी क्रम में कल बालोद और जांजगीर में प्रदर्शन होगा।
बुधवार को बालोद जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में विधायक संगीता सिन्हा एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने हुंकार भरते हुए सरकार की निंदा की। विधायक ने कहा कि सरकार एक-एक कर सभी योजनाओं को बंद कर रही है और जो आम जनता को लाभ पहुंचती थी। इसीलिए विरोध किया जा रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस कल बालोद जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करेगी। विधायक ने आरोप लगाया कि जान बूझकर इस पूरे मामले को विधानसभा में नहीं लाया गया और अचानक कैबिनेट का फैसला सामने आया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने बताया कि यदि पहले आम जनता 600 यूनिट बिजली का उपयोग करती थी तो उन्हें केवल 200 यूनिट का ही पैसा देना पड़ता था और 400 यूनिट तक की सब्सिडी दी जाती थी, लेकिन इस सरकार ने सीधे-सीधे अब आम जनता की जेब पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस अब इसका विरोध करने जा रही है। कल बालोद जिले में भी कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद आप देख रहे हैं कि बिजली की कटौती में बेतहाशा वृद्धि हुई है अभी कुछ दिनों से पानी नहीं गिर रहा है तो किसानों को मोटर पंप चलाने की आवश्यकता है लेकिन व्यवस्थित ढंग से बिजली की सप्लाई नहीं हो पा रही है।
400 यूनिट तक था आधा बिल: विधायक संगीता सिन्हा
विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल ही देना पड़ता था। अर्थात 200 यूनिट तक फ्री बिजली और इसमें किसी तरह की शर्तें भी नहीं लगाई गई थीं। वहीं एकल कनेक्शनधारियों को 30 यूनिट तक बिजली फ्री का प्रावधान था, लेकिन अब 53 लाख उपभोक्ता अगर 100 यूनिट से अधिक बिजली खपत करते हैं तो उन्हें किसी भी तरह से कोई छूट सरकार नहीं देगी। 100 यूनिट के बाद पूरा का पूरा बिल लगेगा। उन्होंने कहा कि सरप्लस राज्य (बिजली उत्पादन के क्षेत्र में सरप्लस राज्य) में यह उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है। कांग्रेस इसके खिलाफ जमीनी लड़ाई लड़ेगी। विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए सीधे-सीधे आम जनता के ऊपर बोझ डाल रही है।
जांजगीर में भी कल भाजपा सरकार को घेरेगी कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर बिजली उपभोक्ताओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है। जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष रमेश पैगवार, प्रवक्ता रफीक सिद्दीकी, पूर्व नपाध्यक्ष भगवान दास गढ़ेवाल और गिरधारी यादव ने जांजगीर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा सरकार द्वारा हाफ बिजली बिल योजना को सीमित करना जनविरोधी निर्णय है। अब केवल 100 यूनिट तक की खपत पर ही छूट दी जा रही है, जबकि इससे अधिक खपत वालों को पूरी राशि चुकानी पड़ेगी।
बिलासपुर में कांग्रेस ने तिफरा बिजली कार्यालय का किया घेराव
कांग्रेस शासन काल में शुरू की गई हाफ बिजली बिल योजना में बदलाव का पार्टी विरोध कर रही है। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के इस निर्णय का विरोध करते हुए तिफरा स्थित बिजली कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के इस तानाशाही निर्णय पर विरोध जताते हुए कहा कि यह योजना मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत देने वाली थी लेकिन भाजपा सरकार को यह भी रास नहीं आई।