बालोद के मेढ़की गांव में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई और ट्रक और लाइसेंस जब्त किया गया है।
बालोद जिले के ग्राम मेढ़की में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, 29 नवंबर 2025 की दोपहर करीब एक बजे ग्राम मेढ़की की निवासी मकतुला बाई साहू ग्राम सभा की बैठक में शामिल होने जा रही थीं। तभी ग्राम बघमरा से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 08 AF 8199 के चालक लेखराम ठाकुर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला ट्रक के नीचे आ गईं और चालक द्वारा रिवर्स करने पर आगे वाले टायर के नीचे दब गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रार्थी हिमांशु साहू की शिकायत पर थाना बालोद में मामला दर्ज किया गया। हादसे के समय चालक के नशे में होने की आशंका पर उसे जिला अस्पताल ले जाकर परीक्षण कराया गया, जहां डॉक्टर की रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि होने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी से ट्रक और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया।