सरगुजा के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में नर्मदापुर-बिजलवा मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नर्मदापुर-बिजलवा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, हादसा नर्मदापुर-बिजलवा मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल तीसरे युवक को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवा दिया। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों और अन्य माध्यमों से उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।
कमलेश्वरपुर थाना पुलिस ने दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की भिड़ंत को हादसे की वजह माना जा रहा है। मृतकों की पहचान होने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी जाएगी तथा पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।