अंबिकापुर के मायापुर स्थित चांदनी चौक के पास शनिवार दोपहर को एक युवक के पेट में चाकू घोंपने की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी सत्यम सोनकर और आयुष सोनी को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक नाबालिग को निरुद्ध किया है।
जानकारी के अनुसार एक साल पहले आहत युवक और सत्यम सोनकर के भाई के बीच मारपीट हुई थी। इस घटना से सत्यम लंबे समय तक परेशान था और अपने भाई का बदला लेने के लिए आहत युवक का रेकी करने लगा। इसके बाद उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई और ऑनलाइन चाकू मंगाकर हमला अंजाम दिया।
वारदात के समय पीड़ित ऋतिक जायसवाल चाय पी रहा था, तभी बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद घुटरापारा में छिपे थे और भागने की तैयारी कर रहे थे। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। मुख्य आरोपी सत्यम सोनकर और आयुष सोनी को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह में भेजा गया है।