फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूजा सिंह आत्महत्या मामला: फरार आरोपियों पर बढ़ा पुलिस का शिकंजा, इनाम 10-10 हजार; संपत्ति कुर्की की तैयारी

Sun, 09 Aug 2026 03:36 PM IST
अंबिकापुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर

सार

17 वर्षीय पूजा सिंह की आत्महत्या के मामले में फरार चल रहे आईसी मार्ट संचालक जगत कुमार और उसके बेटे दीपक वैद के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
विज्ञापन
फरार आरोपियों की तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में 17 वर्षीय पूजा सिंह की आत्महत्या के मामले में फरार चल रहे आईसी मार्ट संचालक जगत कुमार और उसके बेटे दीपक वैद के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर 10-10 हजार रुपये कर दी गई है। साथ ही पुलिस ने दोनों आरोपियों की अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाकर कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
विज्ञापन


पुलिस इस मामले में आईसी मार्ट संचालक विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं जगत कुमार और दीपक वैद घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है। पुलिस जांच के मुताबिक, पूजा सिंह अपनी छोटी बहन के साथ आईसी मार्ट पहुंची थी। वहां दुकान संचालकों ने दोनों पर करीब 1,500 रुपये के कॉस्मेटिक सामान की चोरी का आरोप लगाया था।

परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया कि दोनों बहनों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई। पूजा से सामान की सूची लिखवाने और चोरी स्वीकार करने से संबंधित दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप है। उसकी स्कूटी को दुकान में रोककर रखने की बात भी सामने आई है।
विज्ञापन


इसके बाद पूजा के मामा और एसआई अलंगो दास के दुकान पहुंचने पर स्कूटी छोड़ने के बदले रकम मांगने का आरोप लगाया गया। बाद में पूजा के पिता आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा के पहुंचने पर भी स्कूटी वापस करने के लिए पैसे मांगने की बात जांच में सामने आने का दावा किया गया है।

घटनाक्रम के दौरान पूजा की मां के बस स्टैंड पहुंचने की सूचना पर उसके पिता उन्हें लेने चले गए। इसी बीच पूजा ने घर में आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसके पास से सुसाइड नोट मिलने की जानकारी दी गई है, जिसमें माता-पिता से माफी मांगने की बात लिखे होने का उल्लेख है। घटना के बाद पुलिस ने आईसी मार्ट से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब फरार पिता-पुत्र की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में अब उनकी संपत्ति से संबंधित कानूनी कार्रवाई भी आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए राजस्व विभाग से अचल संपत्तियों का रिकॉर्ड मांगा गया है। रिकॉर्ड मिलने के बाद नियमानुसार कुर्की की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। पूजा सिंह मामले की जांच राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा भी की जा रही है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनकी संपत्तियों पर प्रस्तावित कार्रवाई भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें