पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
होली से पूर्व अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा को बड़ी सफलता मिली है। गश्त के दौरान टीम ने थाना रघुनाथपुर क्षेत्र में एक युवक को 4 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक 28 फरवरी को उचडीह–मोहनपुर मार्ग पर गश्त के दौरान तेज गति से जा रही बाइक को रोककर तलाशी ली गई। बाइक पर सवार दो लोगों में से पीछे बैठा व्यक्ति भाग निकला, जबकि चालक को पकड़ लिया गया। उसने अपना नाम आशीष पटेल, निवासी कोट चौकी रघुनाथपुर, थाना लुंड्रा बताया।
तलाशी में आरोपी के पिट्ठू बैग से एक-एक किलो के चार पैकेट गांजा बरामद हुए। मौके पर तौल करने पर कुल वजन 4 किलो पाया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विशेष न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर तस्करी की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है और अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता तथा महिला सैनिक राजकुमारी और चंद्रावती की सक्रिय भूमिका रही। फरार आरोपी की तलाश जारी है।