सरगुजा जिले के लुंड्रा में आर्केस्ट्रा देखने जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ 4 युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सरगुजा जिले के लुंड्रा में आर्केस्ट्रा देखने जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ 4 युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि आर्केस्ट्रा देखने जा रही नाबालिग छात्रा को कार्यक्रम स्थल तक लिफ्ट देने के बहाने वाहन में बैठा लिया और फिर सुनसान जगह में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और वारदात में शामिल एक नाबालिग सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक गत सोमवार रात लुंड्रा में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित था। दो नाबालिग छात्राएं पैदल कार्यक्रम देखने जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक और स्कूटी सवार चार युवकों ने उन्हें कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने की बात कही। दोनों छात्राएं आरोपियों के वाहनों पर सवार हो गईं। आरोपियों ने एक छात्रा को लुंड्रा पहुंचा दिया, जबकि दूसरी छात्रा को कार्यक्रम स्थल ले जाने के बजाय सुनसान इलाके में ले गए।
पुलिस के अनुसार, सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद आरोपी ने अपने अन्य साथियों को भी वहां बुला लिया। इसके बाद चारों ने नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बाद वहां से फरार हो गए। पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
विज्ञापन
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
मंगलवार को परिजन पीड़िता को लेकर लुंड्रा थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अगासी क्षेत्र से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया, जबकि एक अन्य आरोपी को देर रात पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। लुण्ड्रा पुलिस द्वारा आरोपियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।