ग्राम बिसरपानी दारापारा में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी पति ने अपनी पत्नी और एक अन्य युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर मौत हो गई।
सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी दारापारा में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी पति ने अपनी पत्नी और एक अन्य युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बाबुलाल मझवार (35), निवासी बिसरपानी तिलकपारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की शाम सोमारू मझवार के घर में बेंजे बड़ा (35), नईहारो मझवार (32) और उसका पति बाबुलाल मझवार मौजूद थे। बताया गया कि तीनों शराब के नशे में आग ताप रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद सोमारू वहां से दूसरे घर चला गया।
अगली सुबह जब सोमारू वापस लौटा तो घर के भीतर बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार के शव पड़े मिले। दोनों के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। वहीं घटना के बाद से बाबुलाल मौके से गायब था। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी।
विज्ञापन
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और सीतापुर एसडीओपी तुल सिंह पट्टावी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बाबुलाल ने चरित्र संदेह को लेकर विवाद होने के बाद पत्नी और बेंजे बड़ा पर फावड़े से हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।