छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पटाखा फटने से दो साल के मासूम की मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब बच्चा दूसरे बच्चों को पटाखे फोड़ते देखकर जमीन पर पड़ा एक छोटा पैकेट उठाकर मुंह में डाल बैठा। पटाखा उसके मुंह के अंदर ही फट गया, जिससे उसके मसूड़ों और गले में गंभीर चोटें आईं। इलाज के दौरान 11 नवंबर की रात अंबिकापुर के निजी अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 9 नवंबर की सुबह सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा गांव में हुई थी। आसपास के बच्चे लहसुन आकार के पॉप-पॉप पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान दो वर्षीय आदित्य ने जमीन पर पड़ा एक छोटा पैकेट उठाकर मुंह में रख लिया। पटाखा फटने से उसके मुंह से खून निकलने लगा।
दो अस्पतालों में कराया गया इलाज
बच्चे के पिता इंद्रजीत मांझी ने बताया कि घटना के बाद परिजन उसे सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए थे। खून बहना बंद होने पर वे उसे घर ले आए। अगले दिन फिर से रक्तस्राव शुरू हुआ तो उसे अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद 11 नवंबर की दोपहर अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसी रात उसकी मौत हो गई। पिता के मुताबिक, बच्चे ने कौन सा पटाखा मुंह में डाला था, यह परिजनों ने नहीं देखा। घटना की जानकारी आसपास खेल रहे दूसरे बच्चों ने दी थी। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों को बच्चे के गले के अंदर पटाखे के अवशेष भी मिले हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना की आगे जांच की जा रही है।