सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महावीरपुर निवासी 26 वर्षीय गोलू बरगाह ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। वह अपनी मां से नया एंड्रॉइड मोबाइल खरीदने के लिए पैसे मांग रहा था। मां के पास रुपये न होने के कारण इन्कार करने पर नाराज होकर उसने यह घातक कदम उठाया। स्वजन उसे तत्काल अंबिकापुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल के लिए मांगे थे रुपये
मृतक गोलू पिता धन साय मजदूरी का काम करता था। वह नया एंड्रॉइड मोबाइल खरीदना चाहता था। उसने अपनी मां से कहा कि वह किस्त पर मोबाइल फोन लेना चाहता है। इसके लिए उसे शुरुआती भुगतान के रूप में दुकानदार को तीन से चार हजार रुपये देने होंगे। जब उसने रुपयों की मांग की, तो मां ने असमर्थता जताते हुए कहा कि उनके पास इतने रुपये नहीं हैं। बार-बार मांगने के बावजूद पैसे न मिलने से नाराज होकर उसने अपनी मां से कहा कि वह मर जाएगा और गुस्से में घर से निकल गया।
पढ़ें: आज छत्तीसगढ़ के किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है?: अर्नब चक्रवात को लेकर पांच जगहों पर यलो अलर्ट जारी
ट्रेन के सामने लगाई छलांग
युवक का घर रेल पटरी से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित था। जब वहां से दुर्ग-अंबिकापुर ट्रेन गुजर रही थी, तभी उसने पटरी पर पहुंचकर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की तेज टक्कर लगने से वह छिटककर दूर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। युवक वहां लहूलुहान हालत में तड़प रहा था। स्वजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, परंतु डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।