आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
- फोटो : अमर उजाला
सरगुजा जिला में अंबिकापुर बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर ग्राम रजपुरीकला के अमेरा कोल खदान गेट के समीप खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के कारण एक और जान चली गई। मंगलवार रात करीब 9 बजे ट्रक में बंधी रस्सी में बाइक फंसने से एक सीआईएसएफ जवान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उक्त ट्रक एक दिन पूर्व हुई दुर्घटना के बाद से ही सड़क किनारे खड़ा था, जिसे समय पर नहीं हटाया गया।
जानकारी के मुताबिक भगवानपुर, अंबिकापुर निवासी विनय टोप्पो (40) पिता एल्विश टोप्पो, एनटीपीसी कोरबा में सीआईएसएफ में पदस्थ थे। वे अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (सीजी 07 बीटी 6990) से ड्यूटी के बाद कोरबा से अंबिकापुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रजपुरीकला स्थित अमेरा कोल खदान गेट के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से बंधी रस्सी में उनकी बाइक उलझ गई। इससे संतुलन बिगड़ने पर वे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अंबिकापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत मौके पर ही हो गई थी। उल्लेखनीय है कि बीते दो दिनों में इसी स्थान पर दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान जा चुकी है, जिससे क्षेत्र को दुर्घटना संभावित स्थल माना जाने लगा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि एक दिन पहले हुए हादसे के बाद भी दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हाईवे से नहीं हटाया गया था। 24 घंटे से अधिक समय तक ट्रक के सड़क किनारे खड़े रहने से यह दूसरी दुर्घटना घटित हुई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लगातार दो दिनों में दो लोगों की मौत से नाराज हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में अधिकारियों द्वारा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीण शांत हुए और आवागमन बहाल किया गया। पुलिस ने देर रात करीब 3 बजे क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाकर लखनपुर थाना परिसर में खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात पूरी तरह सामान्य हो सका।