जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रमुख अजीत जोगी ने अमर उजाला से बात करते हुए कहा कि मेरे ऊपर विपक्षियों ने बहुत झूठे केस लगाए हैं। लेकिन मैं कभी गलत नहीं था इसलिए कोर्ट ने मुझे कभी आरोपी नहीं माना। उन्होंने कहा कि मुझे फंसाने के बाद मेरे बेटे पर भी आरोप लगाए गए। बेटे को जेल में भी रहना पड़ा। लेकिन उसे भी बाद में कोर्ट ने बरी कर दिया।
अजीत जोगी ने कहा कि मुझसे ये विपक्षी लोग बहुत प्यार से मिलते हैं लेकिन उनके पेट में दांत हैं। रमन सिंह कहते हैं कि मेरी कोई जाति नहीं है। मुझपर यह भी मुकदमा चलाया गया कि मैं आदीवासी नहीं हूं। मेरे ऊपर बहुत मुकदमे चलाए गए हैं लेकिन इनके ऊपर आज तक मक्खी मारने तक का मुकदमा नहीं चलाया गया।
उन्होंने गठबंधन पर बोलते हुए कहा कि मेरे पास इतने संसाधन नहीं है कि मैं पूरे राज्य में यानी 90 सीटों पर घूम सकूं इसलिए मैंने मायावती से गठबंधन किया है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि मैं अपनी बहू को बसपा से चुनाव लड़ा रहा हूं। क्योंकि लोग यह न समझे कि यह गठबंधन सिर्फ कागजों पर है। उन्होंने कहा कि यह दिलों का गठबंधन है।
अजीत सिंह ने कहा कि मेरा मायावती से पुराना परिचय है। काशीराम के समय से ही मेरा बसपा से संबंध है। उन्होंने कांग्रेस के सवाल पर कहा कि मेरे निकल जाने के बाद कांग्रेस के पास कोई चेहरा नहीं रह गया है। क्योंकि भारतीय राजनीति चेहरों से चलती है। इसलिए कांग्रेस के पास अभी कोई चेहरा ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा का कोई शासन नहीं है। यहा हर आदमी राजा है। सब अनपी मर्जी से चल रहा है। न प्रशासन पर लगाम है न भ्रष्टाचार पर। भाजपा सरकार राज्य में पूरी तरह से विफल हो गई है।