छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के रहने वाले अजय मंडल का चयन आईपीएल में हुआ है। वह 16वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे। इससे उनके परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें बधाई देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि को लोग प्रदेश की उपलब्धि मान रहे हैं।
इस साल छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ियों का चयन आईपीएल टीम के लिए हुआ है। इसमें से एक राजनांदगांव जिले के बसंतपुर निवासी अजय मंडल हैं। अजय का चयन चेन्नई सुपर किंग्स टीम में हुआ है। अजय को चेन्नई सुपर किंग ने 20 लाख रुपए की बेस प्राइस में टीम में शामिल किया है। वहीं उनके टीम में शामिल होने के बाद परिजनों और जिले में खुशी की लहर है। अपने पहले ही मौके पर वह चेन्नई सुपर किंग्स जैसी बड़ी टीम में अपनी जगह बनाई है। अजय मंडल ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं।
छत्तीसगढ़ से आईपीएल में चयनित होने वाले दूसरे खिलाड़ी हरप्रीत सिंह भाटिया है। हरप्रीत का चयन पंजाब किंग्स में हुआ है। इन खिलाड़ियो के चयन से प्रदेशवासी काफी खुश हैं। परिजनों ने कहा कि उनके बच्चों का आईपीएल में चयन होना उनके लिए गर्व की बात है।