फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raipur: युवक की हत्या कर महानदी किनारे रेत में दफनाया शव, पार्षद समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Fri, 29 May 2026 05:24 PM IST
अमन कोशले अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर

सार

राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
पुलिस के गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद युवक की हत्या कर साक्ष्य छुपाने की कोशिश की थी।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद निवासी ईश्वरी यादव ने 23 मई को अपने पति भुनेश्वर यादव की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 22 मई की रात करीब 10 बजे भुनेश्वर यादव नोहर दास रात्रे के गोदाम से बिना बताए कहीं चला गया था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए तीन संदिग्धों से पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और सख्त पूछताछ के बाद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, अमित राजपूत और हेमचंद बंजारे उर्फ सोनू बंजारे ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
विज्ञापन


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चारों लोग ग्राम नकटा स्थित गोदाम में शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद वे भुनेश्वर यादव को अपनी ब्रेजा कार में लेकर महासमुंद की ओर निकले। रास्ते में ग्राम बेलसोंडा और नांदगांव के बीच रेलवे क्रॉसिंग के पास किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान भुनेश्वर यादव ने नोहर रात्रे को थप्पड़ मार दिया और गाली-गलौज करने लगा। इससे गुस्साए आरोपियों ने मिलकर भुनेश्वर यादव की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी घबरा गए और महासमुंद पहुंचकर नोहर रात्रे ने अपने मामा श्रवण जांगड़े को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद चारों आरोपियों ने महानदी किनारे रेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।

28 मई को पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर परिजनों की मौजूदगी में महासमुंद जिले के नांदगांव स्थित महानदी किनारे शव का उत्खनन कराया। परिजनों ने शव की पहचान भुनेश्वर यादव के रूप में की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया है। घटना स्थल महासमुंद थाना क्षेत्र में होने के कारण वहां अपराध क्रमांक 322/26 के तहत धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन


गिरफ्तार आरोपी
  1. नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे
  2. अमित राजपूत
  3. हेमचंद बंजारे उर्फ सोनू बंजारे
  4. श्रवण जांगड़े
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें