राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की यह वारदात पुराने आपसी विवाद और आपत्ति जनक आना-जाना को लेकर हुई।
घटना 19 जुलाई की रात भवानी नगर में हुई, जब सुनील राव नामक युवक पर मोहल्ले के ही ओम प्रकाश यादव और राहुल यादव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रॉड और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को लेकर मृतक के पिता ललित राव ने खम्हारडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि घटना के समय वे पास के मैदान में थे, जहां अचानक आरोपियों ने उनके बेटे पर हमला कर दिया। मृतक का राहुल और ओम प्रकाश से पहले से विवाद चल रहा था, जिसे लेकर कई बार कहासुनी भी हो चुकी थी।
घटनास्थल से दो आरोपी तत्काल गिरफ्तार
हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी ओम प्रकाश यादव और राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें सुनील राव का उनके घर आना पसंद नहीं था और इसी बात को लेकर पूर्व में कई बार विवाद हो चुका था।
चार और आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना में केवल दो नहीं, बल्कि अन्य लोग भी शामिल थे। 7 अगस्त को पुलिस ने चार अन्य आरोपियों – शिवनारायण यादव, शिवा यादव, तरुण यादव और अरुण यादव को भी गिरफ़्तार कर लिया। सभी आरोपी भवानी नगर, खम्हारडीह क्षेत्र के निवासी हैं।
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए गए हैं और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।