छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर हो गया। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि ‘सुकमा जिले के भेजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गच्चनपल्ली गांव के जंगल में दोपहर करीब 3 बजे पुलिस और सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने जवाबी कार्रवाई में मिलिशिया कमांडर नक्सली मुत्ता को मार गिराया। नक्सली के सिर पर एक लाख रुपये का इनाम था।’
उन्होंने बताया कि जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रेसोल्यूट एक्शन) के अलग-अलग दल को नक्सल विरोधी अभियान में लगाया गया है। सुंदरराज ने बताया कि रायपुर से करीब 500 किलोमीटर दूर जंगल में गश्त के दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी और इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। घटनास्थल से एक देसी हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया।