रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब के बड़े भंडारण का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से 1008 पौवा शराब जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब के बड़े भंडारण का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से 1008 पौवा शराब जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 181 लीटर से अधिक बताई जा रही है, जिसकी कीमत एक लाख तीस हजार रुपये से ज्यादा आंकी गई है।
विज्ञापन
पुलिस को 26 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सारागांव में भारी मात्रा में शराब अवैध रूप से बिक्री के लिए जमा की गई है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान हालेश्वर साहू और चंद्रशेखर साहू को अपने चाचा के ब्यारा में शराब रखकर बेचते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
तलाशी के दौरान अलग-अलग बोरियों में रखी देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसमें मसाला शोले, मसाला शेरा और गोवा स्पेशल अंग्रेजी व्हिस्की शामिल है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त नकद 19 हजार 100 रुपये भी जब्त किए गए।
विज्ञापन
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि ग्राम खरोरा निवासी अजय धीवर स्कूटी के जरिए अवैध शराब लाकर उन्हें देता था। इसके बाद पुलिस ने अजय धीवर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में हालेश्वर कुमार साहू (28 वर्ष), चंद्रशेखर साहू (21 वर्ष) और अजय धीवर (21 वर्ष) शामिल हैं। तीनों के खिलाफ खरोरा थाना में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।