ट्रक और कार की भिड़ंत में चार लोगों की मौत
- फोटो : ANI
छत्तीसगढ़ के कोंदागांव में स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है। कोंदागांव के जिलाधिकारी एन टेकम ने कहा, 'मृतकों के परिवारवालों को 25,000 रुपये बतौर मुआवजा दिया जाएगा और दुर्घटना में घायल हुए लोगों का मुफ्त में इलाज करवाया जाएगा।'
जानकारी के अनुसार सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। ट्रक और बोलेरो के बीच हुई यह टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। दोनों हादसे के समय आपस में चिपक गए थे। घटना के बाद लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। वहीं अस्पताल ले जाते समय दो लोगों ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में 9 लोग सवार थे। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के साढ़े आठ बजे दुधगांव के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक बोलेरो को 8 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के बाद ड्राइवर ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया है। लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को फोन करके घटना की सूचना दी।