मिनीमाता बांगो बांध के तीन गेट खोले गए
- फोटो : अमर उजाला
कोरबा जिले के मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद नियंत्रित ढंग से पानी छोड़ा जा रहा है। मंगलवार सुबह 9:10 बजे बांध का जलस्तर 358.29 मीटर तक पहुँच गया, जो कि इसकी क्षमता का 91.83% है। इस दौरान बांध में 59,106 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई। स्थिति को देखते हुए मुख्य अभियंता बिलासपुर और अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा एवं अनुमति के उपरांत बांध प्रबंधन द्वारा बाढ़ नियंत्रण की कार्यवाही शुरू की गई। सुबह 9:00 बजे तीन गेट खोले गए, जिसके माध्यम से पानी छोड़ा जा रहा है।
गेट क्रमांक 4 को 0.25 मीटर खोला गया, जिससे 1,485 क्यूसेक पानी, गेट क्रमांक 6 को 0.50 मीटर खोला गया, जिससे 2,971 क्यूसेक पानी, गेट क्रमांक 8 को 0.25 मीटर खोला गया, जिससे 1,485 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इन तीनों गेटों से कुल 5,941 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके अलावा बांध से जुड़े हाइड्रेल पॉवर प्लांट के माध्यम से भी 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार कुल मिलाकर 14,941 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।
जल संसाधन विभाग ने बताया कि बांध का जलस्तर लगातार निगरानी में है और आवश्यकता अनुसार गेटों को खोला या बंद किया जाएगा। नदी किनारे बसे ग्रामीणों को सतर्क रहने एवं सुरक्षा बरतने की अपील की गई है। वहीं आसपास गांव में मुनादी कराई गई है कि वह डैम के करीब और नदी किनारे न जाये। तीन गेट खोले जाने के बाद बांगो डेम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और लोग बांगो डेम देखने के लिए जा रहे हैं।
आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले 5 सितंबर को हुई लगातार बारिश के बाद डैम का जलस्तर बढ़ गया था जहां 9 गेट खोले गए थे। वही गेट खोले जाने के बाद जिला प्रशासन के द्वारा विशेष मुनादी और नजर रखी जा रही थी। 9 गेट खोले जाने के बाद शहर के दर्री डेम में भी चार गेट खोले गए थे वही शहर के हसदेव नदी किनारे बस्ती पुरानी बस्ती, कोहड़िया,पुरानी बस्ती और सीतामणी के कई बस्तियों में खतरा बढ़ गया था। संभावना जताई जा रही की अगर लगातार फिर से बारिश हुई तो बांगो डेम के और दर्री डेम के और भी गेट खोले जा सकते है।