संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। नई दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी करने वाले 13 अभ्यर्थियों ने प्रीलिम्स परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में सफल विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन परिवारों के संघर्ष और सपनों की जीत है, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि राजमिस्त्री, किसान और शिक्षक परिवारों से आने वाले इन युवाओं ने साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती।
विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें आगामी मुख्य परीक्षा की तैयारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रीलिम्स सफलता का पहला पड़ाव है, जबकि असली चुनौती मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को याद दिलाया कि प्रशासनिक सेवाएं केवल प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का बड़ा अवसर हैं। उन्होंने भविष्य में जनहित और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी सोच के तहत दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 सीटों से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है, ताकि दूरस्थ आदिवासी और ग्रामीण अंचलों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल सके। सफल अभ्यर्थियों ने हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं को अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल ने उन्हें बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास दिया है।
इन 13 विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफल होने वाले विद्यार्थियों में गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।