जीरकपुर। नगर परिषद की पहली बैठक में शहर में इनडोर खेल स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को अभ्यास के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। प्रशासन ने अब स्टेडियम के लिए ढकोली और बिशनपुरा में जमीन की तलाश शुरू कर दी है।
नगर परिषद प्रधान गुरप्रीत सिंह विर्क ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में खेल सुविधाओं का पर्याप्त ढांचा नहीं है। इस कारण खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ता था। खासकर ढकोली क्षेत्र के युवा इनडोर खेलों के अभ्यास के लिए पंचकूला जाते थे। ढकोली में स्टेडियम बनने से उन्हें नजदीक ही सुविधा मिलेगी। नगर परिषद प्रशासन इनडोर स्टेडियम के लिए जमीन के विकल्प तलाश रहा है। संभावित स्थानों की उपलब्धता, क्षेत्रफल और खिलाड़ियों की पहुंच जैसे पहलुओं की जांच की जाएगी। उपयुक्त जमीन के चयन के बाद विस्तृत योजना और बजट तैयार होगा। प्रशासन का प्रयास खिलाड़ियों के लिए सुविधाजनक स्थान पर स्टेडियम विकसित करना है। प्रस्तावित इनडोर स्टेडियम में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसी खेलों के लिए सुविधाएं होंगी।
पहले ढांचा, फिर प्रशिक्षण की व्यवस्था
पहले चरण में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए जरूरी ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद खिलाड़ियों की संख्या और खेल गतिविधियों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षकों की व्यवस्था होगी। इससे युवाओं को जीरकपुर में ही अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। वे अपनी खेल प्रतिभा निखार सकेंगे। स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की भी सुविधाएं होंगी।
खेलों से जोड़कर नशे से दूर करने पर जोर
गुरप्रीत सिंह विर्क ने कहा कि युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ाना पंजाब सरकार के एजेंडे में है। युवाओं को खेलों से जोड़ने से उन्हें सकारात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। यह नशे जैसी समस्या को कम करने में भी मदद करेगा। उन्होंने कहा कि शहर में बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जमीन का चयन होने के बाद परियोजना को धरातल पर उतारना नगर परिषद के सामने अगली बड़ी चुनौती होगी।