चंडीगढ़। सेक्टर-27सी में एक्टिवा सवार दो युवकों ने एक महिला से सोने की चेन और हैंडबैग झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-27सी निवासी कोमल सेक्टर-28 स्थित एक स्कूल में शिक्षिका हैं। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह घर के पास धोबी से कपड़े लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान घर के नजदीक पीछे से काले रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवक पहुंचे। दोनों के हाथ में हेलमेट था।
आरोप है कि एक्टिवा उनके पास रोककर पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन और हाथ से पर्स छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पर्स में कॉस्मेटिक सामान और जरूरी दस्तावेज थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।