कालका। कालका-शिमला रेलमार्ग पर चलने वाली रेलकार की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान असलम (18) के रूप में हुई है जोकि मूलरूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल परवाणू के कोटी में किराए के मकान में रह रहा है। असलम जाबली एक निजी कंपनी में काम करता है। घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। रेलकार शिमला से कालका की ओर आ रही थी तब सनवारा से कोटी के बीच असलम जोकि जाबली की निजी कंपनी में काम करता है, वह रेलमार्ग से अपने घर जा रहा था तभी काेटी के समीप वह रेलकार की चपेट में आ गया। गनीमत रही की कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार असलम को घायल अवस्था में टकसाल रेलवे स्टेशन तक रेलकार में ही लाया गया जहां से उसे एंबुलेंस से ईएसआई हॉस्पिटल परवाणू में दाखिल करवाया गया जहां प्राथमिक उपचार मिलने के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। जीआरपी शिमला के थाना प्रभारी जय किशन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।