चंडीगढ़। एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म मामले में जिला अदालत ने दोषी युवक को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने दोषी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जानकारी के मुताबिक दोषी शहर में एक कोठी में नौकर का काम करता था। दोषी ने कोठी मालकिन की नाबालिग बेटी को चाकू दिखाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने इसी वर्ष मई में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।
दर्ज मुकदमे के मुताबिक दोषी सेक्टर-34 पुलिस थाना क्षेत्र की एक कोठी में बतौर नौकर था। आरोपी युवक ने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर किसी को घटना की जानकारी दी जो उसे मार देगा। नाबालिग ने हिम्मत दिखाकर घटना के बारे में परिवार को बताया। इसके बाद परिवार ने मामले की शिकायत सेक्टर-34 थाना पुलिस को दी।