मोहाली। जगतपुरा स्थित एक जिम में करंट लगने पर 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल सिंह वासी फेज-11 के रूप में हुई है। शिकायत पर जिम के मालिक मुकेश रावत वासी जीरकपुर के खिलाफ मामला सोहाना थाना पुलिस ने केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। शिकायतकर्ता चरणजीत कौर वासी फेज-11 ने बताया कि वह कोठियों में सफाई का काम करती है। उनका बड़ा बेटा कमल सिंह रोज शाम को जगतपुरा में जिम जाता था। 16 सितंबर को हमेशा की तरह वह घर से जगतपुरा को जिम गया था। इस दौरान करीब रात आठ बजे उन्हें कमल के दोस्त का फोन आया जिसने उन्हें बताया कि कमल को जिम में करंट लग गया है। वह उसे जीएमसीएच-32 लेकर जा रहे हैं। जब वह अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता लगा कि कमल की मौत हो गई है। उन्होंने अपने तौर पर जांच की तो पता लगा कि जिम के मालिक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।
बहन बोली- मेरा भाई जिंदा था, बिना चेक किए सॉरी बोल दिया
मृतक की बहन किरण ने जीएमसीएच-32 अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब कमल को अस्पताल ले जाया गया तब तक वह जिंदा था। उसकी आंखों से आंसू आ रहे थे। डॉक्टरों ने उसे चेक तक नहीं किया और बस देखकर ही सॉरी बोल दिया। कोशिश की जाती तो उसी जान बचाई जा सकती थी। इसी के साथ जिम के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि कमल जैसे ही जिम कर बाहर गैलरी में निकला था। उस दिन बारिश बहुत हुई थी वहां पानी भी भरा हुआ था और वह खुद भी पसीने से भीगा हुआ था। जैसे ही उसने ग्रिल को हाथ लगाया तो उसे जोरदार झटका लगा।