होशियारपुर। थाना मुकेरियां की पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में दो लोगों को नामजद कर मामला दर्ज किया है। शिकायत सींहा उमरपुर निवासी बब्बू पत्नी राजकुमार ने दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसका 23 वर्षीय बेटा अजय कुमार रंग-रोगन का काम करता था।
पीड़िता के अनुसार लोहड़ी के दिन गांव के ही अमरजीत सिंह और कुलदीप सिंह अजय को अपने साथ ले गए थे। बाद में रात करीब 11:30 बजे दोनों आरोपी दोबारा अजय को साथ ले गए। कुछ समय बाद जब अजय घर लौटा तो उसकी तबीयत खराब थी और वह उल्टियां करने लगा। कुछ देर बाद वह जमीन पर गिर पड़ा और उसके मुंह से झाग निकलने लगी।
बब्बू ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने उसके बेटे को किसी नशीले पदार्थ का सेवन कराया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शिकायत के आधार पर अमरजीत सिंह व कुलदीप सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद