चंडीगढ़। कोरोना वायरस संकट और केंद्र सरकार की खराब आर्थिक नीतियों के खिलाफ चंडीगढ़ युवा कांग्रेस ने रोजगार दो अभियान की शुरुआत की। इसका शुभारंभ वीरवार को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सेक्टर-35 में शुरू किया गया। युवा कांग्रेस के इस अभियान का मकसद केंद्र सरकार का ध्यान बेरोजगारी की ओर दिलाना है। युवाओं को मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों को लेकर जागरूक करना है।
अभियान का शुभारंभ युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अलवरु, चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल रॉय, चंडीगढ़ युवा कांग्रेस प्रभारी शीशपाल केहरवाला, मुकेश कुमार, राष्ट्रीय सचिव विनीत कंबोज व युवा कांग्रेस अध्यक्ष लव कुमार ने की।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लवरु ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे का निजीकरण और कंपनियों को बेचकर युवाओं के रोजगार के अवसर लगातार छीन रही है। उनकी मांग है कि विभिन्न सरकारी विभागों के खाली पद तुरंत भरे जाएं। रेलवे और अन्य सरकारी संस्थानों का निजीकरण तुरंत बंद हो। कोरोना काल में बेरोजगार हुए युवाओं को आर्थिक मदद मिले। सरकारी विभागों में पदों को खत्म किए जाने पर रोक लगे और अदालतों में अटकी सरकारी भर्तियों पर जल्द फैसला लिया जाए। प्रदीप छाबड़ा ने केंद्र पर आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर विपक्ष की आवाज को अनसुना कर देती है। कोरोना से पहले भी स्थिति भयावह थी और अब जो आंकड़े आ रहे हैं, वे डरावने हैं। कोरोना संकट के कारण ही 13.5 करोड़ लोग बेरोजगार हुए हैं।