माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। मलोया थाना पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पेंटर का काम करने वाले 19 वर्षीय युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों ने शादी कर ली थी। मंगलवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान मलोया निवासी किशोरी ने सेक्टर-17 महिला पुलिस थाने में शिकायत दी थी कि स्थानीय निवासी युवक ने उससे शादी की, लेकिन अपने घर नहीं रख रहा है। इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई। मलोया का मामला होने से महिला थाना पुलिस ने केस को मलोया थाने भेज दिया। इसके बाद थाना प्रभारी चिरंजीलाल की अगुवाई में मामले की छानबीन शुरू की गई। जांच में सामने आया कि किशोरी की उम्र करीब साढ़े 16 साल की है। वहीं, आरोपी पेंटर का काम करता है। बीते कुछ महीने पहले दोनों ने शादी कर ली थी। किशोरी के नाबालिग होने की वजह से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।