चंडीगढ़। सेक्टर-25 में रंजिशन एक युवक को चार लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जानलेवा हमले में स्लैगर से युवक की टांग तोड़ डाली। इसके साथ युवक की गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान सेक्टर-25 की झुग्गी निवासी मनीष उर्फ शिव, अनिल कुमार उर्फ लीला और गौरव उर्फ भारत के रूप में हुई है। वहीं, एक आरोपी नाबालिग है।घटना बीते शुक्रवार शाम की है। पुलिस को दी शिकायत में नयागांव के आदर्श नगर निवासी घायल अमित ने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी गाड़ी में सेक्टर-25 में रहने वाली अपनी बहन से मिलने गया था मगर उसकी बहन घर पर नहीं थी। वहां ताला लगा था। यह देखकर वह मंडी वाली गली से वापस जाने लगा। इसी बीच रास्ते में पहले से ही चारों आरोपी खड़े थे। जब गाड़ी उनके पास से गुजरी तो अनिल कुमार उर्फ लीला ने उसे रुकवाने की कोशिश की। जब उसने गाड़ी नहीं रोकी तो अनिल ने गाड़ी के शीशे पर स्लैगर मारकर शीशा तोड़ दिया। जब उसने वहां से गाड़ी भगाई तो आगे गली में शिवरात्रि का आयोजन था और टेंट लगा होने के कारण गाड़ी आगे नहीं जा सकी।
लोग रोकते रहे, युवक मारते रहे
टेंट लगने के कारण जब गाड़ी फंसी तो अमित ने पीछे से चारों आरोपियों को आते हुए देखा। इस पर अमित ने टेंट को तोड़ते हुए गाड़ी दौड़ा दी। इस दौरान टेंट में रखा एक गैस सिलिंडर और मेज गाड़ी के नीचे फंस गए। इससे गाड़ी आगे नहीं जा पाई। इस पर अमित गाड़ी से उतरकर पैदल भागने लगा। मगर तब तक आरोपी वहां पहुंच गए। अनिल ने अमित के पैर पर स्लैगर से एक के बाद एक कई वार किए। आरोपी ने उसकी टांग तोड़ डाली। वहीं, अन्य आरोपियों ने शरीर के अन्य हिस्सों समेत सिर पर नुकीले हथियार से वार कर दिया। इस दौरान वहां काफी लोग एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपी युवकों को रोकने का प्रयास किया, मगर वे माने नहीं और उस वार करते रहे। आरोपियों ने गाड़ी को भी पूरी तरह से तोड़ दिया।