चंडीगढ़। एक महिला को एसबीआई का क्रेडिट कार्ड बनाकर देने का झांसा देकर 20 हजार की ठगी करने के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद से दबोचा है। इनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड भी मिले हैं। इनकी पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के रहने वाले सलीम (25) और एक 24 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। बीते 4 अक्तूबर को साइबर अपराध पुलिस थाने में धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता सेक्टर 38ए की मीनू देवी के पति के नंबर पर एसबीआई का क्रेडिट कार्ड बनाने के लिए कॉल आई थी। आरोपी ने महिला के पति को कहा था कि वह पत्नी से बात करवाएं। शिकायतकर्ता ने कहा कि उनके पास पहले से एक क्रेडिट कार्ड है। आरोपी ने शिकायतकर्ता महिला से उसके क्रेडिट कार्ड का 16 अंकों का नंबर पूछा। यह बताने के बाद फिर से शिकायतकर्ता और उनके पति के नंबर पर कॉल आई और आरोपी ने एक लिंक शेयर किया। कार्ड की स्टेटमेंट और कुछ दस्तावेजों की जानकारी मांगी। इसके बाद आरोपी ने केवाईसी पूरी करने का झांसा देकर ओटीपी मांगा मगर शिकायतकर्ता ने नहीं दिया। इसके बावजूद उनके खाते से 20,460 रुपये की ठगी हो गई। यह रकम उनके पहले से बने क्रेडिट कार्ड से निकाली गई। पलिस टीम ने मामला दर्ज करने के बाद जांच करते हुए जानकारी जुटा गाजियाबाद में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। बीते 5 अक्तूबर को गिरफ्तारी के बाद इनका रिमांड लेने के बाद बुड़ैल जेल न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।