चंडीगढ़। बीए ऑनर्स न करने वाले या अन्य विषय में भविष्य बनाने के इच्छुक विद्यार्थी सामाजिक अध्ययन से जुड़े किसी भी विषय में स्नातकोत्तर कर सकते हैं। पीयू के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिला प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा।
जिन विद्यार्थियों ने कॉलेज में विषय नहीं भी पढ़ा है तब भी प्रवेश परीक्षा में अच्छे अंक मिलने पर उनका दाखिला हो सकता है। पीयू में अंग्रेजी, इतिहास, एनशेंट हिस्ट्री, राजनीतिक शास्त्र, जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, अर्थशास्त्र, सामाजिक कार्य, भूगोल, जियोइनफॉर्मेटिक्स आदि विषय शामिल हैं। हर कोर्स में 40 सीटें हैं जिनमें से कुछ सीटें एससी/एसटी, ओबीसी और एनआरआई विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी। प्रवेश परीक्षा में पास होने के लिए विभिन्न विभागों में विभिन्न अंक निर्धारित किए हैं।
एमए डिजास्टर मैनेजमेंट, एमए भूगोल, एम-जियोइनफॉर्मेटिक्स की प्रवेश परीक्षा में 50 अंक की प्रवेश परीक्षा होगी। एमए सोशल वर्क के 40 अंक के पेपर में पास होने के लिए 20 अंक लाना अनिवार्य है। इसके अलावा 20-20 प्रतिशत अंक ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू के रहेंगे। आवेदन के लिए विद्यार्थियों को 2520 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा। एससी/एसटी और पीडब्ल्यूडी के लिए पंजीकरण शुल्क 1260 रुपये रहेगा। विद्यार्थी एक आवेदन पत्र में एक अधिक काेर्स में दाखिला लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
प्रति एक्स्ट्रा कोर्स विद्यार्थी को 2520 के अलावा 710 रुपये अदा करने होंगे। विद्यार्थी 24 मई तक विभिन्न कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। फीस जमा करने की आखिरी तारीख 28 मई है और फोटो, साइन और अन्य दस्तावेज विद्यार्थी 30 मई तक अपलोड कर सकते हैं। पीजी कोर्स के लिए प्रवेश परीक्षा 15 और 16 जून को रखी जाएगी। परीक्षा केंद्र पीयू समेत लुधियाना, होशियारपुर और मुक्तसर में बनेंगे। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी पीयू की वेबसाइट https://cetpg.puchd.ac.in/importantdates.php देख सकते हैं।
आवेदन करने की आखिरी तारीख - 24 मई
फीस भरने की आखिरी तारीख - 28 मई
फोटो, साइन दस्तावेज अपलोड करने की आखिरी तारीख - 30 मई
फीस रीइंबर्समेंट के लिए आवेदन पत्र जमा करने की आखिरी तारीख - 4 जून
रोल नंबर उपलब्धता - 7 जून
एक्सट्रा फीस देकर फॉर्म में संशोधन - 12 जून
एडमिट कार्ड उपलब्धता - 12 जून
प्रवेश परीक्षा - 15 और 16 जून