अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की मेजबानी मिलते ही पूरा प्रशासन हरकत में आ गया है। हालत यह है कि बाकी सभी कार्यों को छोड़ पूरा अमला इसी की तैयारियों में जुट गया है। अधिकारी खुद इस बात को बयां कर रहे हैं।
अगले दो महीने यानी 21 जून तक फिलहाल यही हालात रहने वाले हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन किया गया है। जिसमें हर विभाग को अपने स्तर पर सभी चीजें दुरुस्त करने की हिदायत दी गई है।
खासकर इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट की पूरी मशीनरी तैयारियों में जुट गई है। जिस मार्ग से वीआईपी मेहमानों को गुजरना है, उन्हें चमकाने का काम शुरू कर दिया है। जनमार्ग पर स्थित मटका चौक से सेक्टर-16 स्टेडियम चौक तक रोड की री-कारपेटिंग इसका उदाहरण है। सरकारी मकानों की रेनोवेशन के लिए अब और इंतजार करना होगा।