चंडीगढ़। शहर के 42 सरकारी स्कूलों में दाखिले के लिए चल रही दूसरी काउंसलिंग के लिए मंगलवार रात बारह बजे तक फॉर्म लिए गए। शिक्षा विभाग की ओर से जारी डाटा के अनुसार ग्यारहवीं की दूसरी काउंसलिंग में 4081 उम्मीदवारों ने माइग्रेशन के लिए आवेदन किया है। वहीं 1112 उम्मीदवारों ने दूसरी काउंसलिंग में ग्यारहवीं के लिए नए आवेदन किए हैं। इसमें विज्ञान के लिए 151, वाणिज्य केलिए 91, कला के लिए 748 और वोकेशनल कोर्सेज के लिए 122 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। उम्मीदवारों को अलॉट स्कूलों और चयनित विषयों की सूची वीरवार को वेबसाइट पर दोपहर 12 बजे जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को वीरवार दोपहर एक बजे से लेकर 26 सितंबर रात 11.45 मिनट तक स्कूल फीस जमा करवानी होगी। अगर फीस तय समय सीमा में नहीं जमा करवाई तो दाखिला रद्द हो जाएगा।