चंडीगढ़। शहर में मतदाता सूची-2025 को तैयार करने पर काम शुरू हो गया है। इसे लेकर जिला चुनाव अधिकारी-कम-डीसी विनय प्रताप सिंह ने मंगलवार को शहर के सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि, एईआरओ, स्कूल एजुकेशन, स्वीप के नोडल ऑफिसर व अन्य के साथ एक समीक्षा बैठक की। बताया गया कि मतदाता सूची-2025 के लिए 18 अक्तूबर तक बीएलओ की तरफ से घर-घर जाकर वोटर लिस्ट में लोगों के नाम का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान वह देखेंगे कि किन-किन मतदाताओं ने अपना पता बदल लिया है, कितनों की मृत्यु हुई है और कितने अब चंडीगढ़ में नहीं रहते हैं। संशोधनों के बाद 29 अक्तूबर को चंडीगढ़ चुनाव विभाग की वेबसाइट पर मतदाता सूची-2025 का ड्राफ्ट जारी किया जाएगा। इस पर लोग अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए 28 नवंबर तक का समय दिया जाएगा। जिला चुनाव अधिकारी ने सभी एईआरओ को निर्देश दिए हैं कि वह समय के अंदर सभी सुझाव व आपत्तियों का निपटारा करें। विनय प्रताप सिंह ने कहा है कि यदि ड्राफ्ट के जारी होने के बाद किसी का नाम उसमें नहीं होता है तो वह नामांकन के लिए फार्म संख्या 6 का आवेदन कर सकते हैं और यदि कोई सुधार की जरूरत है तो फार्म संख्या 8 भर सकते हैं। लोग Voters.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन एप पर फॉर्म को सत्यापित कर सकते हैं या बीएलओ को फॉर्म जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए लोग 1950 पर कॉल कर सकते हैं।