महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए यूटी प्रशासन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बेहद खास तोहफे के साथ बड़ी पहल करने जा रहा है। पहली बार महिलाओं के लिए फैशन डिजाइनिंग और ब्यूटी पार्लर आउटलेट्स खोले जाएंगे। जहां महिलाएं अपने बनाए सामान को इन आउटलेट्स पर अच्छे मूल्य पर खुद बेच सकेंगी।
सेक्टर-46 में यह दोनों आउटलेट खुलेंगे। एडवाइजर विजय कुमार देव 8 मार्च को इन आउटलेट्स का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ सेक्रेटरी सोशल वेलफेयर भावना गर्ग और डायरेक्टर सोशल वेलफेयर निशु सिंगल भी मौजूद रहेंगी। सोशल वेलफेयर विभाग के मार्गदर्शन में ही यह काम करेंगे।
सोशल वेलफेयर विभाग अपनी कई लैब में महिलाओं को हेयर कटिंग, टेलरिंग और फैशन डिजाइनिंग संबंधी ट्रेनिंग देता है। लैब से जो प्रोड्क्ट्स तैयार होते हैं उन्हें बेचने केलिए महिलाओं को उचित मार्केट नहीं मिल पाती है। अब नए आउटलेट्स पर वह अपने सामान का खुद रेट तय कर उन्हें बेच सकेंगी।
प्रशासन का इन आउटलेट्स केपीछे मकसद मेन्यूफेक्चरर्स को सीधा उपभोक्ता उपलब्ध करवाना है। इससे उपभोक्ताओं को वाजिब दाम पर चीज मिलेंगी और महिलाओं को भी अपने प्रोडक्ट का बिना किसी बिचौलिए के सीधा भाव मिलेगा। एससी-बीसी और अल्पसंख्यक वर्ग को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।