चंडीगढ़। डड्डूमाजरा में तीज के त्योहार पर स्पीकर बजाने पर युवकों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने परिवार की महिला के साथ छेड़छाड़ भी की। मलोया थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, झपटमारी और छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी निखिल, मुल्तानी, कालू, गोला मिनिश, कार्तिक, गोलू और अन्य के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार डड्डूमाजरा निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीज पर उनका परिवार घर के सामने पार्क में स्पीकर लगाकर त्योहार मना रहा था। इस दौरान निखिल ने आकर स्पीकर की तार निकाल दी। जब महिला के पति और बेटों ने इसका विरोध किया तो उनके बीच बहस हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया। कुछ देर बाद निखिल अपने साथियों के साथ फिर पार्क में पहुंचा और उनके ऊपर डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान महिला से अभद्रता और छेड़छाड़ की गई। मारपीट करने के बाद आरोपी पीड़िता के दोनों बेटों के गले से चांदी की चेन झपटकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पर पहुंची पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला, उनके पति और दोनों बेटों को इलाज के लिए सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया। वहीं मलोया थाना प्रभारी सतनाम सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।